नौगढ़ के पड़रिया विद्यालय विलय पर छठे दिन भी जारी रहा धरना, भीम आर्मी ने दी चेतावनी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ अंतर्गत पंचायत केसार के पड़रिया प्राथमिक विद्यालय को कंपोजिट विद्यालय धन कुंवारी में मर्ज किए जाने के आदेश के खिलाफ ग्रामीणों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। 16 अगस्त को धरना-प्रदर्शन का छठा दिन भी जारी रहा।

धरना स्थल से ही ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने एबीएसए लालमणि कनौजिया से मोबाइल पर बातचीत की। इस दौरान एबीएसए ने जिलाधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के लिए पत्र भेजने का आश्वासन दिया।

धरने में शामिल हुए भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष उपेंद्र कुमार गाडगे ने साफ कहा कि “जब तक विलय का आदेश वापस नहीं होगा, तब तक धरना जारी रहेगा। यह बच्चों की शिक्षा और भविष्य की लड़ाई है, पीछे हटना संभव नहीं है।”

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत दोपहर बाद बड़ी संख्या में भीम आर्मी कार्यकर्ता धरना स्थल पर पहुंचे। आंदोलन में जिला संरक्षक रामचंद्र राम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अवधेश कुमार, पूर्व जिला सचिव श्यामसुंदर, जिला पंचायत सदस्य आजाद अंसारी और मेवालाल मौर्य समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी अनिल यदुवंशी और जिला महासचिव राजमणि राज ने किया, जबकि शुभारंभ आजाद समाज पार्टी के विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. शिवानंद ने किया।

धरने में सुनीता देवी, गीता, सोनिया, मुनिया, पूर्व प्रधान कांता यादव, रामबहाल, राम लखन, प्रेम नारायण, रमेश, राजकुमार, दुर्योधन, पंकज कुमार, अंगद यादव, मालती, शांति, शंभूलाल, चंद्रावती समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया। ग्राम प्रधान प्रेमनाथ भी आंदोलन में मौजूद रहे।

नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यह अब सिर्फ विद्यालय विलय का मुद्दा नहीं रहा, बल्कि शिक्षा के हक की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि “सरकार को बच्चों की पढ़ाई से खिलवाड़ करने का कोई हक नहीं है। यदि आदेश वापस नहीं हुआ तो आंदोलन और भी उग्र होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।”

गांव के लोगों ने भी एक स्वर में कहा कि जब तक विद्यालय का विलय रद्द नहीं होगा, तब तक धरना हर हाल में जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?