चंदौली जिले नौगढ़-चकिया मुख्य मार्ग पर शनिवार की शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। खुटहर नरकटी गांव निवासी शिव कुमार के चार बच्चे संजना (14), मांसी (12), तनु (6) और आजाद (9) अपने अंबर दहिया चकिया स्थित घर से अपने गांव के घर खुटहर नरकटी लौट रहे थे। गांव का ही एक टेंपो चालक उन्हें लेकर आ रहा था।
राहगीरों के अनुसार टेंपो चालक नशे में धुत था। जैसे ही वाहन लौवारी-दिलबगड़ा मोड़ के पास पहुंचा, चालक ने नियंत्रण खो दिया और टेंपो सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में मानसी और तनु गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने तत्काल 102 एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में ईएमटी सुरेश यादव और पायलट अरविंद यादव मौके पर पहुंचे और घायलों को नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया।
डॉ. सत्यम सिंह ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया और बताया कि बच्चों की स्थिति फिलहाल स्थिर है।







