नौगढ़ में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत निकली पौधों की बारात

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नौगढ़ में बुधवार को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। नौगढ़ प्राथमिक विद्यालय से ढोल-नगाड़ों की गूंज और उत्साहपूर्ण नारों के साथ पौधों की प्रतीकात्मक बारात निकाली गई, जिसने पूरे कस्बे को हरियाली के रंग में रंग दिया।

स्कूली बच्चों और जनप्रतिनिधियों ने दिखाई सहभागिता

इस आयोजन की अगुवाई वन रेंजर संजय श्रीवास्तव ने की, जिनके नेतृत्व में स्कूली बच्चों, शिक्षकगण, वन विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। बारात स्कूल परिसर से चलकर नौगढ़ बाज़ार होते हुए बसवरिया रोपवानी स्थल तक पहुँची, जहाँ एक भव्य पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम स्थल पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह उर्फ सूडुडू, मंडल अध्यक्ष भगवानदास अग्रहरि और पूर्व जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम श्रीवास्तव समेत कई गणमान्य लोगों ने मौलसरी, अशोक, सागौन सहित करीब 20 बहुउपयोगी पौधों का रोपण किया।

वन रेंजर ने बताया अभियान का उद्देश्य

वन रेंजर संजय श्रीवास्तव ने बताया कि नौगढ़ रेंज के अंतर्गत स्थित बसवरिया रोपवानी क्षेत्र में अब तक कुल 24,000 पौधे रोपित किए जा चुके हैं। उन्होंने इसे केवल पर्यावरणीय पहल न मानते हुए, इसे एक भावनात्मक प्रयास बताया जो हर व्यक्ति को उसकी “माँ” के प्रति श्रद्धा के रूप में प्रेरित करता है।

इस अभियान को सफल बनाने में वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्रामवासियों, बच्चों और सामाजिक संगठनों ने मिलकर एकजुटता दिखाई। वातावरण में उठते नारे – “हर पौधा एक जीवन, हर पेड़ एक माँ”, ने जनमानस को न केवल भावुक किया बल्कि जागरूक भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?