सी एस पाण्डेय
बभनी (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के दरनखाड़ गांव के पास सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ की ओर जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक रमेश (पुत्र बहादुर) को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
दुर्भाग्यवश, जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में रमेश ने दम तोड़ दिया। रमेश की मौत की खबर जैसे ही उसके गांव पहुंची, परिवार और गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि हादसे में घायल युवक की जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने पिकअप वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।
गांव वालों ने हादसे के बाद सड़क पर आवागमन को सुरक्षित बनाने और पिकअप चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।







