हॉस्पिटल की जमीन पर कब्जे के खिलाफ ग्रामीणों का हल्ला बोल, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा
कोन (सोनभद्र)। नवसृजित विकास खंड कोन के ग्राम पंचायत कचनरवा में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की दान में मिली जमीन पर अतिक्रमण को लेकर रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। समाजसेवी जोखन प्रसाद यादव के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने “हॉस्पिटल की जमीन खाली करो” के नारे लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन से अतिक्रमण हटवाने की मांग की।

बताया गया कि वर्ष 1997 में स्वास्थ्य विभाग की अपील पर स्थानीय निवासी उदय लाल श्रीवास्तव व सीताराम ने करीब पांच बीघा जमीन अस्पताल निर्माण के लिए राज्यपाल के नाम दान दी थी। इसमें डेढ़ बीघा जमीन पर अस्पताल बनकर संचालित हो रहा है, जबकि शेष साढ़े तीन बीघा जमीन परिसर और सुविधाओं के विस्तार के लिए सुरक्षित थी। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही और राजस्व विभाग की मिलीभगत से इस जमीन पर अतिक्रमण कर कुछ लोगों ने मकान तक खड़ा कर लिया है।

दानदाता उदय लाल श्रीवास्तव की पत्नी सरोज देवी ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि या तो अस्पताल प्रबंधन जमीन अपने कब्जे में ले या फिर उनकी जमीन उन्हें लौटाई जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।

पूर्व उप ब्लॉक प्रमुख राजनारायण जायसवाल ने कहा कि यह जमीन पूर्व राज्य मंत्री सूबेदार प्रसाद और जिला पंचायत सदस्य मटुकधारी सिंह के प्रयासों से अस्पताल के लिए दी गई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की कि अस्पताल की जमीन को कब्जा मुक्त कराकर भव्य सुविधा युक्त हॉस्पिटल बनाया जाए, ताकि आदिवासी और गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

समाजसेवी जोखन प्रसाद यादव ने कहा कि हॉस्पिटल यहां के गरीब आदिवासियों के लिए वरदान है लेकिन विभागीय मिलीभगत से जमीन पर मकान बनवा दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र जमीन मुक्त नहीं कराई गई तो जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

वरिष्ठ समाजसेवी राम लगन यादव ने भी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कर अस्पताल को सुसज्जित बनाने की मांग की। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि अस्पताल में एक डॉक्टर, एक एएनएम और एक फार्मासिस्ट के सहारे स्वास्थ्य सेवाएं संचालित हो रही हैं। यहां दो चिकित्सकों की तैनाती है, लेकिन एक अक्सर नदारद रहता है। परिसर में झाड़ियों का अंबार लगा हुआ है।

प्रदर्शन में प्रमुख रूप से राजनारायण जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य छविंद्र नाथ चेरो, बिहारी प्रसाद यादव, भाजपा बूथ अध्यक्ष कैलाल राम भारती, रामाधीन पासवान, रघुवर प्रसाद, ओम प्रकाश यादव, गोरखनाथ और सरोज देवी आदि मौजूद रहे।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1544
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?