अमित मिश्रा
सोनभद्र। जनपद में क्रेशर संचालक व खनन पट्टाधारक अपने क्षेत्रों में साइनिज बोर्ड को अनिवार्य रूप से लगवायें, बिना माइन टैग लगे वाहन व एमएम-11 के बगैर परिवहन करते कोई पाया जाएगा तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जनपद के सभी क्रेशर संचालक व पट्टाधारक ईमानदारी के साथ व्यवसाय करते हैं तो प्रशासन शासन की मंशा के अनुरूप हर संभव उनका सहयोग करेगा। उक्त बातें जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने खनन पट्टाधारकों व क्रेशर संचालकों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान कहा।
जिलाधिकारी बीएन सिंह व पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में खनन पट्टा धारकों व क्रशर संचालकों के साथ बैठक किया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने क्रेशर संचालक व पट्टा धारकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि क्रेशर संचालक व खनन पट्टाधारक अपने क्षेत्रों में साइनिज बोर्ड को अनिवार्य रूप से लगवा दें, बिना माईन टैग लगे वाहन जिले में किसी भी हाल में अवैध खनन, अवैध परिवहन व एमएम -11 का उल्लंघन न होने पाये।
उन्होंने कहाकि किसी भी हाल में खनन का कार्य निर्धारित मानकों व शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित स्थल पर ही किया जाये, यदि बिना परमिट व फर्जी परमिट के खनन सामग्री से लदी कोई भी वाहन व ओवरलोड वाहन पकड़ा जाता है तो उस वाहन मालिक और ड्राइवर और सम्बन्धित क्रशर व पट्टाधारक पर कार्यवाही की जायेगी। फार्म-सी, एमएम -11 यदि फर्जी पाया जाता है तो सम्बन्धित के दोषी के विरूद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी इसमें किसी स्तर पर शिथिलता क्षम्य नही होगी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कहा कि अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जायेगा शासन की मंशा के अनुरूप, पासर के माध्यम से गाड़ियों को पास कराने की शिकायत प्राप्त होती है, तो सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी, उन्होंने कहा कि खनन व क्रेशर क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से क्रेशर संचालक व खनन पट्टा धारक लोडिंग प्वाइंटों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाना सुनिश्चित करें, कैमरों को सही दिशा में लगाया जाये, जिससे कि खनन क्षेत्रों के बेहतर ढंग से निगरानी हो सके, बिना माईन टैग लगे वाहनों के माध्यम से अवैध परिवहन न किया जाये और सिक्योरिटी नम्बर प्लेटों का उपयोग किया जाये।
इस दौरान जिलाधिकारी ने क्रशर संचालकों व पट्टा धारकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को भी सुनें और कहा कि नियमानुसार समस्याओं का निस्तारण ज्येष्ठ खान अधिकारी के माध्यम से सुनिश्चित किया जायेगा, उन्होंने कहा कि क्रशर संचालक व पट्टा धारक पूरी ईमानदारी के साथ व्यवसाय करते हैं, प्रशासन उनका शासन की मंशा के अनुरूप हर संभव सहयोग करेगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) सहदेव कुमार मिश्र, ज्येष्ठ खान अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।







