चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील में सोमवार को तेज बारिश और गरज के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरने से एक भयावह घटना घटित हुई। इस हादसे में कुल 25 बकरियां और 3 भैंसें झुलसकर मरीं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब किसानों की आर्थिक स्थिति संकट में आ गई है।

औरवाटांड गांव के ओमप्रकाश (पिता सुखनंदन) व शविर (पिता मुस्तकीम) अपनी बकरियों को जंगल में चराने ले गए थे। अचानक तेज चमक और गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने से दोनों के कुल 25 बकरियां वहीं पर दम तोड़ गईं। इसी तरह पंडी गांव के लालजी (पिता सरजू) भी अपनी तीन भैंसें जंगल में चरा रहे थे, जहां बिजली गिरने से उनकी तीनों भैंसें भी झुलसकर मरीं।

इन मवेशियों पर ही इन गरीब किसानों की आजीविका टिकी थी। बकरियां और भैंस से अपना परिवार का पालन पोषण करते थे। अचानक आए इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे ने उनकी आर्थिक स्थिति को और भी कमजोर बना दिया है। प्रभावित किसान सरकार से उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं ताकि उनके घर की आर्थिक दयनीय स्थिति में सुधार हो सके।









