CO लाइन डॉ. चारु द्विवेदी ने बलुआ के रानेपुर गांव में दो परिवारों को किया सम्मानित, बोलीं- काउंसलिंग से लौटी खुशहाली
सोनभद्र/चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत शुक्रवार को विशेष सम्मान एवं फीडबैक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में समस्त थानों के मिशन शक्ति केंद्र/परिवार परामर्श केंद्र द्वारा आयोजित हुआ।
डॉ. चारु द्विवेदी स्वयं बलुआ थाना क्षेत्र के ग्राम रानेपुर में उपस्थित हुईं और परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से सुलह कर साथ रह रहे दो परिवारों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व में सुलझाए गए पारिवारिक विवादों के बाद साथ रह रहे दंपतियों और परिजनों से संवाद कर फीडबैक लेना और समाज में सकारात्मक संदेश देना था।
परिजनों ने बताया कि पुलिस की मध्यस्थता और काउंसलिंग के बाद उनके जीवन में फिर से खुशहाली और सामंजस्य लौटा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
डॉ. चारु द्विवेदी ने कहा कि मिशन शक्ति केंद्र का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि पारिवारिक सौहार्द बनाए रखना और महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना भी है। मामूली मनमुटाव से टूटने की कगार पर पहुंचे रिश्तों को कानूनी उलझनों के बजाय आपसी समझ और धैर्य से सुलझाया जा सकता है।
कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह, एसएसआई जमीलउद्दीन खान, महिला आरक्षी अनामिका, दिव्या सिंह सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।









