राजन
दो चोरो को मुठभेड़ के दौरान लगी गोली,अस्पताल में चल रहा उपचार
दो तमंचा व कारतूस, 95 हजार रुपये नगद, पिकअप से 40 पेटी अवैध शराब हुआ बरामद
मीरजापुर(उत्तर प्रदेश)। जनपद पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को मुठभेड़ के दौरान पकड़ा ,जिनके पास से एक पिकअप , चालीस पेटी अवैध देशी शराब, दो तमंचा व कारतूस और 95 हजार रुपये नगद बरामद किया गया। पुलिस और चोरों के बीच हुई मुठभेड़ में दो चोर गोली लगने से घायल हुए जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अर्पणा रजत कौशिक के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता हासिल हुई।
थाना अहरौरा पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की शराब को बेचने के लिए कुछ लोग एक पिकअप वाहन से सोनभद्र की ओर जा रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दिया। इस दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो चोर घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
वही दो गिरफ्तार चोरो से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दो अन्य वांछित आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से अतिरिक्त शराब और नकदी भी बरामद हुई।
चोरी करने का तरीका: पुलिस द्वारा गिरफ्तार चोरो ने बताया कि जिस इलाके में चोरी की घटना को अंजाम देना होता था ,उस इलाके का 2–3 दिन तक रेकी करते थे। इसके बाद खाली घरों और दुकानों को निशाना बनाकर चोरी करते थे। चोरी के माल को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर अलग-अलग जगहों पर बेच देते थे, जिससे पुलिस को पकड़ने में मुश्किल हो।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।






