चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र में एक शिक्षक पर व्हाट्सएप ग्रुप में साथी शिक्षक के खिलाफ अभद्र भाषा और जातिगत टिप्पणी करने का आरोप लगा है। शिकायत में शिक्षक के नशे में स्कूल पहुंचने की बात भी कही गई है।
प्राथमिक विद्यालय गहिला में तैनात सहायक अध्यापक अमित कुमार पाण्डेय ने चकरघट्टा थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। अमित कुमार पाण्डेय ऑल इंडिया एनपीएस एम्प्लाइज फेडरेशन (AINPSEF) के उत्तर प्रदेश प्रदेश संगठन मंत्री भी हैं।
प्रार्थना पत्र के मुताबिक, प्राथमिक विद्यालय बुकुलघट्टा, नौगढ़ में तैनात सहायक अध्यापक नीरज कुमार ने ‘प्राथमिक शिक्षक संघ (निर्वाचित)’ नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में अमित कुमार पाण्डेय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। शिकायतकर्ता के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय शिवपुर, सकलडीहा में तैनात सहायक अध्यापक महिपाल यादव इस ग्रुप के एडमिन हैं।
आरोप है कि रात करीब 10 बजे से सुबह 8 बजे तक ग्रुप में अमित कुमार पाण्डेय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की जाती हैं। शिकायत में संबंधित शिक्षक पर पहले भी कर्मचारी आचरण नियमावली के उल्लंघन और अनुशासनहीनता की शिकायतें होने का जिक्र है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि संबंधित शिक्षक नशे में स्कूल पहुंचते हैं और वहां गाली-गलौज करते हैं।
अमित कुमार पाण्डेय ने सारनाथ फाउंडेशन के नशामुक्ति केंद्र में संबंधित शिक्षक के भर्ती रहने से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच और नियमानुसार कार्रवाई का अनुरोध किया है। शिकायत की प्रतिलिपि सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), वाराणसी मंडल और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, चंदौली को भी भेजी गई है।
नौगढ़ के खंड शिक्षा अधिकारी लालमणि कनौजिया ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
चकरघट्टा थाना प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।










