चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के पंडी गांव में 62 साल के एक वृद्ध का शव जंगल में मिला है। उनके साथ जंगल गईं 34 बकरियां भी गायब हैं। परिजनों ने हत्या कर बकरियां लूटे जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पंडी गांव के लालमनी बुधवार सुबह अपनी 34 बकरियों के साथ जंगल गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। गुरुवार को जंगल में उनका शव मिला, जबकि सभी बकरियां गायब थीं।
इस खबर से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों का आरोप है कि वृद्ध की हत्या कर बकरियां लूटी गई हैं।
सूचना पर नौगढ़ थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और सबूत जुटाए। सीओ ने बताया कि जांच जारी है और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।









