वीरेन्द्र कुमार
बनारस की एंकर आरती सिंह ने मोहा मन।
विंढमगंज/सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि की बीती रात्रि क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह मंदिरों में दिव्य पूजा-अर्चना, जयकारों और डांडिया-गरबा की धूम से पूरा पंडाल देर रात तक गूंजता रहा।
राम जानकी व माँ काली मंदिर में भव्य आयोजन नगर के प्रमुख दिगंबर अखाड़ा से संबंध श्री राम जानकी मंदिर समिति के अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता, मां काली मंदिर समिति के अध्यक्ष रवि शंकर जायसवाल, शिव मंदिर सलैयाडिह समिति के अध्यक्ष अरविंद जायसवाल, शिव समर्पण समिति धरतीडोलवा के अध्यक्ष मुन्ना पासवान, नवयुवक दुर्गा पूजा समिति मुडिसेमर के अध्यक्ष उपेंद्र पासवान के नेतृत्व में शाम से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया। अलग-अलग जगह पर पंडित नंदलाल तिवारी, मनोज तिवारी, राजू तिवारी, गुड्डू तिवारी, आनंद कुमार द्विवेदी, शेषमणि पांडे के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माता रानी का विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा के पश्चात श्रृंगार, आरती और दिव्य पूजा-अर्चना सम्पन्न हुई।
पूजा-अर्चना के पश्चात मंदिर परिसर से सटे वृहद स्थल पर भव्य डांडिया महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बनारस से आमंत्रित प्रसिद्ध एंकर आरती सिंह के मधुर और ओजस्वी संबोधन से हुई। उन्होंने देवी महात्म्य और नवरात्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं में ऊर्जा भर दी। उनके उद्बोधन के बाद शुरू हुए डांडिया में बच्चे, महिलाएं और युवतियां पारंपरिक परिधानों में देर रात तक थिरकती रहीं।
पुजारियों ने बताया कि सप्तमी को माँ कालरात्रि की पूजा का विशेष महत्व है, जो भक्तों के सभी कष्टों को हरने वाली हैं।
आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रकाश, ध्वनि और बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ विशाल भंडारे का भी आयोजन की गई थी। देर रात तक चले इस भक्ति उत्सव के दौरान पूरा क्षेत्र “जय माता दी” के जयकारों से गुंजायमान रहा।









