सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज विधानसभा के नगर पालिका क्षेत्र वार्ड नंबर-5 में रॉबर्ट्सगंज से महुड़ी खुर्द-पीथा-सहिजन संपर्क मार्ग की जर्जर और कीचड़युक्त सड़क को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव, लोहिया वाहिनी के विवेक सिंह पटेल के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं, महिलाओं और आम नागरिकों ने हाथों में जूते-चप्पल लेकर नगर पालिका और विधायक निधि से जल्द सड़क निर्माण की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान विवेक सिंह पटेल ने कहा कि खराब सड़क के कारण छात्र-छात्राओं, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को रोज परेशानी होती है। बारिश में कीचड़ और जलभराव से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार में वार्ड-5 की समस्या लंबे समय से बनी है, कोई सुनवाई नहीं हो रही। जनता को मूलभूत सुविधा देना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। जब तक समाधान नहीं होगा, लोगों की आवाज उठाते रहेंगे।
स्थानीय महिला उर्मिला देवी ने कहा कि कीचड़ और गड्ढों से बच्चों को स्कूल जाने और महिलाओं-बुजुर्गों को आने-जाने में दिक्कत होती है। जल्द सड़क बने तो राहत मिले।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि “जब तक रोड नहीं, तब तक वोट नहीं।”
इस मौके पर सीबू, रवि, संगीता, गुड़िया, संतोष देवी, फूल कुमारी, विमला देवी, चिंता, रीना देवी, राजेंद्र, पप्पू पासवान, मीरा देवी, कल्पना, दुर्गावती, जितेंद्र सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।






