सोनभद्र। राबर्ट्सगंज स्थित पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शुक्रवार को भारतीय रिजर्व बैंक लोकपाल कार्यालय, कानपुर की ओर से उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कक्षा दसवीं से बारहवीं तक की छात्राओं को बैंकिंग अधिकारों, सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य निशा सिंह, मुख्य अतिथि आरबीआई के विशेषज्ञ जय प्रकाश व मोतीलाल तथा विशिष्ट अतिथि अग्रणी जिला प्रबंधक (इंडियन बैंक, सोनभद्र) सालेन बागे और जिला विकास प्रबंधक (नाबार्ड) आनंद कुमार पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पार्पण के साथ किया।
मुख्य अतिथि जय प्रकाश और मोतीलाल ने छात्राओं को रिजर्व बैंक एकीकृत लोकपाल योजना, 2026 की जानकारी दी। उन्होंने बैंकिंग सेवाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया समझाने के साथ सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार अपनाने, डिजिटल लेनदेन में सतर्कता बरतने और साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने के प्रति भी जागरूक किया।
कार्यक्रम के बाद प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 20 छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम प्रधानाचार्य निशा सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की सभी अध्यापिकाएं और कर्मचारी मौजूद रहे।










