महिलाओं व छात्राओं को सरकारी सेवाओं के प्रति किया गया जागरूक

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- बालिका सशक्तिकरण, स्वास्थ्य व अधिकारों पर हुई प्रभावी चर्चा

चोपन (सोनभद्र) । महिलाओं और बालिकाओं को सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को पंचायत भवन पटवध के सभागार में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सोनभद्र विकास समिति द्वारा “गवर्नमेंट सर्विस प्रोवाइडर” विषय पर किया गया, जिसमें सैकड़ों महिलाएं, छात्राएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में संस्था के निदेशक राजेश चौबे, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर मुमताज अख्तर, ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी, लेखपाल, एडीओ पंचायत, कम्युनिटी मोबिलाइजर चंद्रशेखर, बीना, रौशनी, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित अन्य कर्मचारी शामिल हुए।

राजेश चौबे ने अपने संबोधन में बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को स्वास्थ्य, जीविका, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि वे समाज में समानता के साथ आगे बढ़ सकें। उन्होंने बालिका सशक्तिकरण को मजबूत करने की दिशा में सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी।

ग्राम प्रधान ने बालिका शिक्षा को समाज के लिए “संजीवनी” बताते हुए कहा कि लड़के और लड़कियों में कोई भेद नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कौशल विकास को आवश्यक बताते हुए बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बालिका संरक्षण से जुड़े कानूनी अधिकारों पर भी प्रकाश डाला।

प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर मुमताज अख्तर ने छात्राओं के प्रश्नों के उत्तर दिए और हिंसा विरोधी सरकारी मिशनों की जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छता, स्वास्थ्य व आत्म-संरक्षण पर भी विस्तार से चर्चा की।

कम्युनिटी मोबिलाइज़र चंद्रशेखर ने स्वास्थ्य की परिभाषा को सरल शब्दों में समझाते हुए बताया कि मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से स्वस्थ होना ही सच्चा स्वास्थ्य है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केवल बीमारियों की अनुपस्थिति नहीं, बल्कि संपूर्ण सुखद स्थिति का नाम है।

कार्यक्रम के अंत में बालिकाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और इस प्रकार के जागरूकता अभियान को नियमित रूप से चलाने की मांग की। आयोजन में मौजूद सभी लोगों ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक प्रयास बताया।

Leave a Comment

1352
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?