अमित मिश्रा
कृषि विभाग 30 अप्रैल तक और अन्य सम्बन्धी विभाग 31 मई तक पूर्ण करे फार्मर रजिस्ट्री
प्रत्येक ग्राम पंचायतों में फार्मर रजिस्ट्री के लिए लगेगा कैम्प
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद के प्रत्येक किसान को लाभ दिलाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री का व्यापक अभियान गुरुवार को शुरू किया गया। जिसकी शुरुआत करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कृषक बन्धुओं का फार्मर रजिस्ट्री अप्रैल तक पूर्ण न होने पर किसान सम्मान निधि और अन्य कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ उन्हें नही मिल पायेगा। इसके लिए ग्राम पंचायतों में फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ने के लिए कृषक बन्धुओं का कैम्प लगाया जाएगा।
जिलाधिकारी बीएन सिंह ने बताया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में फार्मर रजिस्ट्री को व्यापक स्तर पर लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के क्रम में ग्राम पंचायत में विशेष शिविर आयोजित कर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ा जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान इस योजना से वंचित न रहे, जिलाधिकारी ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने यह निर्देश दिये है कि राज्य सरकार फार्मर रजिस्ट्री को कृषि क्षेत्र में एकीकृत लाभ वितरण प्रणाली के रूप में विकसित कर रही है।
उन्होने कहा कि जिससे किसान विभिन्न योजनाओं का लाभ एक ही पहचान के आधार पर सरल और व्यवस्थित तरीके से प्राप्त कर सके। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं में यदि लाभार्थियों के नाम या अभिलेखों में कोई त्रुटि अथवा असंगति है, तो उसे आधार से लिंक कर प्राथमिकता के आधार पर संशोधित किया जाए। इसके साथ ही प्रत्येक पात्र किसान को किसान पहचान पत्र बनवाना सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये है कि कृषि विभाग अपनी सभी योजनाओं को फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ने के लिए आवश्यक तकनीकी व्यवस्था निर्धारित समय सीमा में तैयार करे और विभागीय पोर्टल को 01 मई तक पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाया जाए, साथ ही उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता एवं लघु सिंचाई जैसे सहयोगी विभाग 31 मई तक आवश्यक तैयारियां पूरी कर कृषि विभाग के साथ समन्वय स्थापित करें, ताकि सभी विभागों में एक समान व्यवस्था लागू हो सके। जिन कृषक बन्धुओं का फार्मर रजिस्ट्री अप्रैल तक पूरा नहीं होगा, उन्हें किसान सम्मान निधि और अन्य कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा।






