तेज़ रफ्तार बनी जानलेवा: बाइक और नीलगाय की भिड़ंत में वन्यजीव की मौत, दो युवक घायल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

बभनी (सोनभद्र) । उत्तर प्रदेश–छत्तीसगढ़ सीमा से सटे बभनी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में नीलगाय की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। यह घटना रविवार सुबह लगभग आठ बजे आसनडीह–रन्दह मार्ग पर गायदह जंगल क्षेत्र के समीप हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार युवक आसनडीह से अपने घर चितवा मंडल, डूमरपान (छत्तीसगढ़) की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जंगल से निकलकर सड़क पार कर रही नीलगाय अचानक बाइक के सामने आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि नीलगाय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। बाइक सवार दोनों युवक भी घायल हुए, हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद वे अपने घर लौट गए।

वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को दी। वन कर्मचारी अनीजर यादव ने बताया कि टीम मौके पर पहुंची और घायल नीलगाय को पशु चिकित्सालय ले जाने की तैयारी की जा रही थी, तभी उसने दम तोड़ दिया।

बढ़ती वन्यजीव दुर्घटनाओं पर सवाल

सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में जंगल से सटे मार्गों पर वन्यजीवों की आवाजाही आम बात है। ऐसे में लगातार हो रहे सड़क हादसे न केवल मानव जीवन बल्कि वन्यजीव संरक्षण के लिए भी गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर चेतावनी संकेतक और स्पीड कंट्रोल की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

प्रशासन और वन विभाग के समन्वित प्रयासों से ही ऐसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है, ताकि सड़क सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण दोनों सुनिश्चित किए जा सकें।

Leave a Comment

1355
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?