अमित मिश्रा
पीडब्लूडी के निर्माण खण्ड – 2 द्वारा कराया जा रहा निर्माण कार्य
स्टेट हाइवे कलवारी-खलियारी मार्ग से निपनिया नहर तक 3 किमी कराया जा रहा सड़क निर्माण
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। सूबे के मुख्यमंत्री के विभाग पीडब्लूडी द्वारा घटिया सड़क निर्माण कराया जा रहा है जिसका वृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध किया। इस घटिया सड़क निर्माण का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने मानक के अनुरूप कार्य कराए जाने की मांग उठाया है।
बता दें कि स्टेट हाइवे कलवारी – खलियारी मार्ग के पन्नूगंज मेन रोड से ओरगाईं होते हुए निपनिया नहर लगभग तीन किलोमीटर तक सड़क का निर्माण कार्य पीडब्लूडी निर्माण खण्ड 2 द्वारा करवाया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य में मानक की अनदेखी की जा रही है, मानक के विपरीत घटिया सड़क निर्माण कराया जा रहा है जो दो महीने भी नहीं चलने वाला। ग्रामीणों ने कहा कि यह उस विभाग का है जिसके मंत्री स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ है तो ऐसे में निर्माण कार्य की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नही होना बड़ी बात है। इस सड़क के निर्माण में तारकोल नाम मात्र का छीड़क कर पेंटिंग किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी और आईजीआरएस पर मुख्यमंत्री के यहां शिकायत करने के बाद भी काम ठीक से नहीं हो रहा है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उक्त सड़क निर्माण में कार्य कर रही संस्था द्वारा भ्रष्टाचार किया जा रहा है। इस पर सख्त कार्रवाई करें और सड़क निर्माण गुणवत्ता के अनुसार किया जाए।
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से लल्लू पटेल, सुनील कुमार सिंह, मुकेश कुमार सिंह, शिवनारायण सिंह, अनिल कुमार सिंह, संतोष कुमार, बलवंत पटेल, रामप्यारे पटेल सहित ग्रामीण शामिल रहे।







