चंदौली । जिले के नौगढ़ तहसील अंतर्गत अमदाहा चरनपुर गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के पास स्थित छोटे बांध में अचानक एक मगरमच्छ दिखाई दिया। यह बांध किसानों द्वारा सिंचाई के लिए बनाया गया था, लेकिन बाढ़ के चलते मगरमच्छ यहां तक पहुंच गया।
मगरमच्छ की मौजूदगी की खबर फैलते ही पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों और किसानों को आशंका है कि यदि समय रहते इसे पकड़कर सुरक्षित स्थान पर नहीं ले जाया गया तो यह जान-माल के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
स्थानीय किसानों बजरंगी केशरी, वीरेंद्र केशरी, रामभरोस केशरी, मेवालाल केशरी, रमेश केशरी और माया केशरी ने इस मामले को तत्काल ग्राम प्रधान अंजू देवी के संज्ञान में लाया। किसानों का कहना है कि वे रोजाना इसी बांध के पास सिंचाई कार्य और कृषि गतिविधियों में जुटे रहते हैं। ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी से उनका खेतों में जाना मुश्किल हो गया है।

ग्राम प्रधान अंजू देवी ने किसानों को आश्वस्त किया कि वह इस मामले की जानकारी स्थानीय प्रशासन और वन विभाग को देंगी ताकि जल्द से जल्द मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जा सके। उन्होंने कहा कि गांववासियों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के मौसम में पहाड़ी नालों और नदियों से अक्सर जंगली जानवर आबादी की ओर आ जाते हैं, लेकिन इस बार मगरमच्छ का आना लोगों के लिए भय का कारण बन गया है। ग्रामीण प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।







