नवीन कुमार
सोमवार को कोन लैम्प्स पर जुटी भारी भीड़, पुलिस की मौजूदगी में 520 बोरी का वितरण शुरू
कोन (सोनभद्र) । तीन दिन से खाद के इंतजार में परेशान किसानों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। शुक्रवार और शनिवार को आई खाद का वितरण टलता रहा और रविवार को छुट्टी का बहाना बना दिया गया। अंततः सोमवार सुबह कोन लैम्प्स पर किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के छह बजे से लगी लंबी कतारों के बीच पुलिस की मौजूदगी में टोकन बाँटे गये और खाद वितरण शुरू हुआ। इस दौरान धक्का-मुक्की और हंगामा होता रहा। सोमवार सुबह 6 बजे से ही किसान लाइन में लग गये और इंतजार करने लगे। बड़े किसानों की नाराजगी एक-दो बोरी से खेती कैसे चलेगी?

कोन लैम्प्स से जुड़े बड़े किसान विजय शंकर जायसवाल, डब्लू और सुरेंद्र सिंह ने नाराजगी जताई। उनका कहना था, हम हर साल बड़ी मात्रा में धान बेचते हैं। एक-दो बोरी खाद से हमारी फसल कैसे बचेगी? जब उपज ही नहीं होगी तो हम लोन कहाँ से भरेंगे?
किसानों का आरोप था कि मौके पर मौजूद अधिकारी ने उनकी आपत्ति पर कोई ध्यान नहीं दिया। लैम्प्स अध्यक्ष सुशील जायसवाल की बातों को भी अनसुना कर दिया गया।

प्रशासन का दावा 20 मीट्रिक टन खाद अभी और दी जा रही है । अपर जिला सहकारी अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि फिलहाल इस खाद को वितरण होने दीजिए अभी 20 मीट्रिक टन खाद कोन लैम्प्स को और तत्काल उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत 520 बोरी खाद का टोकन बाँटा गया और लैम्प्स किसानों को वितरण शुरू किया गया। टोकन से वितरण में मची अफरा-तफरी

टोकन बाँटने के दौरान भारी भीड़ और धक्का-मुक्की हुई। महिलाएँ भी कतार में खड़ी थीं। स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन ने आठ ग्राम पंचायतों के लिए अलग-अलग कतारें और महिलाओं के लिए अलग पंक्ति बनवाकर व्यवस्था संभाली।







