उर्वरक किल्लत से नाराज किसानों का हंगामा, बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

सोनभद्र। जिले में उर्वरक की किल्लत से परेशान किसानों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। भारतीय किसान संघ के बैनर तले मंगलवार को सभी विकास खंड कार्यालय परिसरों में किसानों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन कर सरकार और प्रशासन को कठघरे में खड़ा किया। किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन खंड विकास अधिकारियों को सौंपकर अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।

इसी क्रम में रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक कार्यालय परिसर में भी किसान भारी संख्या में जुटे और जमकर नारेबाजी की। ज्ञापन सौंपते हुए संघ के जिला अध्यक्ष राम बहादुर सिंह ने कहा कि जिस देश की अर्थव्यवस्था में कृषि सबसे अहम योगदान करती है, उसी देश में किसानों की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता अपनी मेहनत से देश का पेट भरता है, लेकिन जब उसे खाद, बीज और पानी की ही दिक्कत झेलनी पड़े, तो यह शासन-प्रशासन की नाकामी है।

राम बहादुर सिंह ने आरोप लगाया कि खाद की किल्लत से खरीफ फसलों की पैदावार प्रभावित हुई है। अगर यही स्थिति रही, तो आगामी रबी सीजन भी संकट में पड़ जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि किसानों की जरूरत के अनुसार समय से पहले डीएपी और यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और गुणवत्तायुक्त बीज भी मुहैया कराया जाए।

उन्होंने नहरों की सफाई, टूटे झालों और गेटों की मरम्मत कर टेल तक पानी पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही सिंचाई के लिए निर्बाध रूप से 10 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी मांग रखी।

किसानों ने बाढ़ से हुई तबाही पर चिंता जताते हुए प्रभावितों को उचित मुआवजा देने की मांग की। साथ ही मिर्च व टमाटर की फसलों में हुए भारी नुकसान का आकलन कर सरकार से राहत पैकेज जारी करने की गुहार लगाई।

प्रदर्शन में सदानंद मौर्य, दयाराम मौर्य, महेंद्र सिंह, प्रदीप सिंह, अमित सिंह, नागेश्वर तिवारी, गोपाल सिंह, बिंदेश्वरी सिंह, सुमित, रमाशंकर पांडेय, दिनेश, श्रीराम, मदन, चंद्रशेखर, रामरतन, छत्रसाल सिंह, चंद्रप्रकाश सिंह, ज्योति जंग सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Comment

1347
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?