अमित मिश्रा
अवैध बालू परिवहन करने वाले गिरोह के सदस्य है दोनो
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद में अवैध खनन और अवैध बालू परिवहन पर लगाम कसने के लिए खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम जांच कर रही है। जिसके तहत शनिवार को जांच पर निकली घोरावल कोतवाली पुलिस टीम की रेकी करने वाले दो आरोपियो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अवैध खनन एवं उसके परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान मे इस तरह की सफलता प्राप्त हुई। इंस्पेक्टर शिव प्रताप वर्मा ने बताया कि क्षेत्र अंतर्गत पुलिस टीम को यह जानकारी प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति अवैध रूप से बालू के परिवहन हेतु पुलिस टीम की गतिविधियों की रेकी कर रहे हैं और पुलिसकर्मियों की लोकेशन संबंधित व्यक्तियों को भेजी जा रही है।
इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना घोरावल पुलिस द्वारा दो आरोपितों सूरज गिरी व राम सनोज उर्फ रामू निवासी ग्राम गांवकुंडा को मौके से उप निरीक्षक बलिराम प्रसाद ने मय फोर्स गिरफ्तार किया। वही बताया कि पूछताछ व साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि उक्त दोनो आरोपित अवैध बालू परिवहन से संबंधित गिरोह के लिए पुलिस टीम की रेकी कर रहे थे तथा पुलिस कर्मियों के मूवमेंट की जानकारी आगे भेज रहे थे।
इन गिरफ्तार किए गए आरोपितों के विरुद्ध धारा 221 भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया गया।







