वीरेंद्र कुमार
विंढमगंज (सोनभद्र) । स्थानित थाना क्षेत्र अंतर्गत बुटबेढवा ग्राम पंचायत में आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में व्यापारियों ने रंग-गुलाल के साथ जमकर उत्सव मनाया। कार्यक्रम में गीत-संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आपसी मिलन के बीच सभी ने एक-दूसरे को होली की बधाई देते हुए भाईचारे का संदेश दिया।

बाजार के मध्य स्थित रामलीला मंच पर आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन व्यापार मंडल विंढमगंज द्वारा किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि संजय कुमार गोंड धुर्वे और विशिष्ट अतिथि मान सिंह गोंड ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार केसरी और कार्यक्रम संयोजक अमल कुमार जायसवाल ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
मुख्य अतिथि संजय कुमार गोंड धुर्वे ने अपने संबोधन में कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है, जिसमें लोग पुराने गिले-शिकवे भुलाकर रंग-गुलाल के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़ते हैं।
कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। आकर्षक कार्यक्रमों के बीच अतिथियों और व्यापारियों ने भी मंच पर ठुमके लगाए, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। वहीं समारोह में पारंपरिक व्यंजनों का भी लोगों ने आनंद लिया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे और आयोजन शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में देर रात तक चलता रहा।






