वीरेन्द्र कुमार
पैदल ही जंगल के रास्ते 18 मवेशी व 01 बछिया ले जा रहे थे पांच लोग
विंढमगंज(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। स्थानीय थाना क्षेत्र के अति दुरुह जंगल पहाड़ों से घिरे ग्राम पंचायत करहीया के धिचोरवा, बगरवा जंगल के रास्ते होते हुए आए दिन दर्जनों की तादाद में मवेशियों को वध हेतु ले जाने कि सूचना पर सोमवार बीती रात्रि को पुलिस ने 18 बैल व 01 बछिया सहित तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है।
थाना निरीक्षक शिवकुमार सिंह के अगुवाई में उप निरीक्षक भानु प्रताप सिंह मय टीम के साथ बगरवा जंगल के मोड़ के पास 18 बैल व 1 बछिया को बेरहमी से मारते पीटते हुए कुछ लोगों के द्वारा ले जाया जा रहा था ,जिन्हें घेराबंदी करके महबूब अंसारी पुत्र एनुदिन अंसारी, बाल गोविंद गुप्ता पुत्र बेगु गुप्ता व नरेश राम पुत्र पंचूराम समस्त निवासी बीरबल झारखंड को धर दबोच लिया। वही रात्रि के अंधेरे व जंगली रास्ते का फायदा उठाते हुए शकील अंसारी पुत्र लतीफ अंसारी निवासी बीरबल झारखंड व रामदयाल यादव पुत्र बैजनाथ यादव निवासी करमसार ओबरा भागने में सफल रहे।
उक्त पकड़े गए लोगों पर गोवध निवारण अधिनियम तथा पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत करके न्यायालय को भेजा गया तथा पकड़े गए मवेशियों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से ग्रामीणों की देखरेख में दिया गया है।






