अखिलेश सिंह
O- पेड़ पर सहतूत तोड़ने चढ़ा था 16 वर्षीय बालक, जर्जर बिजली लाइन बनी जानलेवा खतरा
रामगढ़ (सोनभद्र)। एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने देशभर में ग्रामीण इलाकों की बिजली व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्राम पंचायत सिलथम के टोला इमिलिया खोचा में 16 वर्षीय उदित धांगर सहतूत का फल खाने के लिए पेड़ पर चढ़ रहा था। इसी दौरान पेड़ के ऊपर से गुजर रही लगभग 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से करंट पेड़ में उतर आया और वह अचानक उसकी चपेट में आ गया।
करंट का झटका इतना जबरदस्त था कि किशोर पेड़ से चिपक गया और वहीं तड़पने लगा। मौके पर मौजूद अन्य बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण दौड़कर पहुंचे और डंडों की मदद से किसी तरह उसे पेड़ से अलग किया गया, लेकिन तब तक वह करीब 70 प्रतिशत तक गंभीर रूप से झुलस चुका था।
घायल किशोर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि गांव में 11 हजार वोल्ट की लाइन लंबे समय से जर्जर हालत में लटकी हुई है, कई जगह तार पेड़ों में उलझे हैं और कुछ स्थानों पर जमीन के बेहद करीब आ गए हैं। शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने से यह हादसा हुआ, जिसे ग्रामीण सीधे तौर पर प्रशासनिक उदासीनता का परिणाम मान रहे हैं।
यह घटना केवल एक स्थानीय हादसा नहीं, बल्कि देशभर के ग्रामीण इलाकों में बिजली सुरक्षा की बदहाल स्थिति की एक खौफनाक तस्वीर पेश करती है, जहां जर्जर ढांचा और लापरवाही आम लोगों की जान के लिए खतरा बन चुकी है।






