सोनभद्र। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने कहा कि शिल्पकारों का हुनर विकसित भारत का आधार बनेगा। उन्होंने यह बात रामलीला मैदान में आयोजित दो दिवसीय पीएम विश्वकर्मा प्रदर्शनी सह व्यापार मेले के शुभारंभ के अवसर पर कही।
जिलाधिकारी ने गुरुवार को फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया और विभिन्न स्टालों का भ्रमण किया। उन्होंने स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित उत्कृष्ट उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना हमारे पारंपरिक हुनरमंदों को मुख्यधारा से जोड़ने का एक क्रांतिकारी कदम है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार शिल्पकारों को केवल उत्पादन तक सीमित न रहकर मार्केटिंग, पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले प्रत्येक इच्छुक कारीगर का पंजीकरण और मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, एमएसएमई विकास कार्यालय, वाराणसी के निदेशक एल.बी.एस. यादव, रीतेश कुमार सिंह डीजीएम सिडबी, विनोद चौधरी उपायुक्त उद्योग , रविन्द्र पटेल प्राचार्य, आईआईटी, सोनभद्र व एलडीएम सालेन के साथ साथ जिले के अन्य विभागाध्यक्षों ने प्रतिभाग किया।







