अमित मिश्रा
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा उत्पादन क्षेत्र में आज एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हो गई। ओबरा सी परियोजना की दूसरी इकाई (यूनिट-2) को पूरी क्षमता के साथ यानी फूल लोड पर सफलता पूर्वक चालू कर दिया गया है। यह राज्य की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

गौरतलब है कि 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओबरा सी परियोजना की पहली इकाई का लोकार्पण किया था। इसके बाद अब दूसरी इकाई का फूल लोड पर शुरू होना राज्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने की दिशा में बड़ी सफलता है।

660 मेगावाट क्षमता वाली इस यूनिट-2 के शुरू होने से न केवल राज्य की विद्युत उत्पादन क्षमता में वृद्धि हुई है, बल्कि इससे औद्योगिक विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे पूर्वांचल सहित पूरे प्रदेश में औद्योगिक इकाइयों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति मिल सकेगी और नये निवेश के रास्ते खुलेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि ओबरा सी परियोजना प्रदेश सरकार की ऊर्जा क्षेत्र की महत्वाकांक्षी योजनाओं का हिस्सा है। इस परियोजना से आम जनता को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे घरेलू उपभोक्ता भी लाभान्वित होंगे।
सरकार का कहना है कि इस परियोजना के माध्यम से राज्य न केवल अपनी ऊर्जा जरूरतें पूरी करेगा बल्कि भविष्य में अन्य राज्यों को भी बिजली आपूर्ति करने की दिशा में कदम बढ़ा सकेगा।

ओबरा सी परियोजना की इस सफलता से सोनभद्र जिले का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय ऊर्जा मानचित्र पर चमक उठा है।







