चंदौली जिले के नौगढ़ दुर्गा मंदिर पोखरे पर 22 से 26 जनवरी तक आयोजित होने वाले गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा को लेकर तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। दुर्गा मंदिर परिसर में विधिविधान से भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सोनभद्र के सपा सांसद छोटेलाल सिंह खरवार उपस्थित रहे।

भूमिपूजन में ग्राम प्रधान नीलम ओहरी, दीपक गुप्ता, भाजपा अध्यक्ष भगवान दास अग्रहरि एवं शिवनारायण जायसवाल, प्रेम जायसवाल, यजमान के रूप में सम्मिलित हुए। भूमिपूजन के उपरांत श्रद्धालुओं ने यज्ञ स्थल पर बैठकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद सांसद छोटेलाल सिंह खरवार, ग्राम प्रधान नीलम ओहरी, दीपक गुप्ता एवं भाजपा अध्यक्ष भगवान दास अग्रहरि ने धर्म ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की।
यज्ञकर्ता प्रदीप महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान संपन्न कराया, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण से गूंज उठा।

इस अवसर पर सांसद छोटेलाल सिंह खरवार ने कहा कि वर्तमान समय में धर्म और संस्कृति को जीवित रखना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं, संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दीं।







