अमित मिश्रा
घोरावल (सोनभद्र)। जनपद सोनभद्र के घोरावल विधानसभा क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर जनआक्रोश लगातार गहराता जा रहा है। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा द्वारा शाहगंज क्षेत्र में आयोजित जन चौपाल के दौरान स्थानीय लोगों ने अपनी पीड़ा खुलकर रखी और बिजली विभाग पर मनमानी बिलिंग व उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए।
जन चौपाल में उपस्थित लोगों ने मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र को बताया कि ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) के नाम पर आम नागरिकों को डराया जा रहा है और भारी-भरकम बिजली बिल थमाए जा रहे हैं। कई ग्रामीणों ने लिखित शिकायत पत्र सौंपते हुए कहा कि सीमित बिजली उपयोग के बावजूद उन्हें दो से तीन लाख रुपये तक के बिल भेजे गए हैं।
कम खपत, भारी बिल, विभागीय मनमानी उजागर
जन चौपाल के बाद संदीप मिश्र ने प्रभावित परिवारों के घरों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण में यह तथ्य सामने आया कि जिन घरों में मात्र चार–पांच सीएफएल बल्ब ही उपयोग में हैं, वहां भी लाखों रुपये के बिजली बिल भेजे गए हैं।
इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए संदीप मिश्र ने कहा-
“बिजली विभाग की यह कार्यशैली जनविरोधी है। ओटीएस के नाम पर जनता का उत्पीड़न किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। सत्ताधीशों द्वारा धनार्जन का यह खेल अब उजागर हो चुका है।”
बातचीत से समाधान नहीं तो होगा बड़ा आंदोलन
मोर्चा संयोजक ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि-
- शीघ्र ही बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता की जाएगी
- यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा-
“किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा केवल सत्ता की आलोचना नहीं करता, बल्कि जनता के हक और न्याय के लिए हर स्तर पर संघर्ष करता है। अपने परिवार और समाज के न्याय के लिए हम पीछे नहीं हटेंगे।”
जन चौपाल में बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित
इस जन चौपाल कार्यक्रम में प्रमुख रूप से
रवि चौहान, धीरज कनौजिया, सुरेंद्र कुमार, रोहित जाटव, किशन कुमार, भोलू चौहान, दिनेश पटेल, विवेक जाटव, आकाश चौहान, लल्लू कोल, विजय चौहान, रामपति बियार सहित बड़ी संख्या में मोर्चा के कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
बड़ा सवाल
क्या बिजली विभाग की मनमानी पर प्रशासन कार्रवाई करेगा?
या घोरावल की जनता को अपने हक के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर होना पड़ेगा?







