सोनभद्र। संस्था जन कल्याण ग्रामोद्योग सेवा आश्रम, सोनभद्र द्वारा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के सहयोग से ग्राम बहुअरा में एकदिवसीय जिला स्तरीय प्रदर्शनी एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें 65 दिव्यांग जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विद्या देवी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या देवी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित दिव्यांगजन रिंकू ने उन्हें बुके भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में उपस्थित विद्या देवी द्वारा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, जैसे दिव्यांग पेंशन योजना, साइकिल/ट्राई साइकिल योजना, इलेक्ट्रिक साइकिल योजना आदि प्रमुख रूप से शामिल थीं। प्रदर्शनी में उपस्थित दिव्यांगजनों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी अवलोकन किया गया। इसमें रिंकू जी द्वारा कपड़ा सिलाई कार्य, रमेश एवं सुरेंद्र द्वारा हाथ से बनाए गए कागज के थैले व शिवकुमार द्वारा निर्मित मोमबत्ती के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्या देवी ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए प्रतिभागियों को आवश्यक सुझाव दिए तथा बताया कि किस प्रकार वे अपने कार्य को आगे बढ़ाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने दिव्यांगजनों को स्वरोजगार से जुड़ने और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में संस्था द्वारा सभी उपस्थित दिव्यांगजनों को उपहार वितरित विद्या द्वारा किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर संस्था के कार्यकर्ता रोहित विश्वकर्मा, कुतुबुद्दीन, अनीश मौर्या, शालिनी, सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






