चंदौली जिले के नौगढ़ राजकीय महाविद्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के तहत स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने स्वच्छ भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नौगढ़ बाजार में स्वच्छता रैली निकाली और विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छ रहने का संदेश दिया।

रैली के उपरांत स्वयंसेवक महाविद्यालय परिसर लौटे, जहां उन्होंने श्रमदान करते हुए परिसर की व्यापक साफ-सफाई की। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी और सामूहिक सहभागिता के महत्व पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यक्रम अधिकारी एवं प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली है, जिसे निरंतर अपनाने की आवश्यकता है। इस अवसर पर डॉ. देवेश कुमार यादव, मनीष राज बावरे, महेंद्र कुमार सहित अन्य शिक्षकगण व स्वयंसेवी उपस्थित रहे।
शिविर के सफल आयोजन से महाविद्यालय और स्थानीय क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा युवाओं ने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का उदाहरण प्रस्तुत किया।





