प्राथमिक शिक्षक संघ की नई ब्लॉक इकाई गठित

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- रमाशंकर अध्यक्ष और राजेश कुमार महामंत्री निर्वाचित

बभनी (सोनभद्र) । विकास खंड बभनी में शिक्षक संगठन को नई ऊर्जा देते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लॉक इकाई का पुनर्गठन शुक्रवार को संपन्न हुआ। ब्लॉक संसाधन केंद्र बभनी में आयोजित बैठक जिला कार्यसमिति की अध्यक्षता में हुई, जिसमें सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

बैठक में रमाशंकर को ब्लॉक अध्यक्ष तथा राजेश कुमार को महामंत्री चुना गया। वहीं जामशाय को संयुक्त मंत्री, राजेश कुमार गुप्ता को कोषाध्यक्ष और उमा शंकर गुप्ता को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया, जिस पर उपस्थित शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त किया।

इस अवसर पर संघ के जिला अध्यक्ष रविन्द्र नाथ चौधरी ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की शक्ति एकता में निहित होती है। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षक संगठित रहेंगे, तब तक वे छोटी-छोटी कोशिशों से भी बड़े लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। बिखराव से जहां नुकसान होता है, वहीं संगठन और एकजुटता असंभव को भी संभव बना देती है।

बैठक में शिक्षक हितों, संगठन की मजबूती और भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में अजय कुमार कुशवाहा, दिलीप कुमार सिंह, अतुल कुमार, रणजीत कुमार, आशुतोष सिंह, रविन्द्र कुमार पाण्डेय, कमलेश कुमार, जितेन्द्र यादव, राजपाल और सुरेन्द्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सचिन कुमार ने किया।

शिक्षकों ने नवगठित कार्यकारिणी से उम्मीद जताई कि वह शिक्षकों की समस्याओं को मजबूती से उठाएगी और संगठन को ब्लॉक स्तर पर और सशक्त बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?