अमित मिश्रा
ब्लाक परिसर मे क्षेत्र पंचायत की बैठक सम्पन्न
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद में म्योरपुर विकास खण्ड के क्षेत्र पंचायत की बैठक ब्लॉक सभागार में सम्पन्न हुई, जिसकी कार्यवाही एडीओ पंचायत अजय कुमार सिंह ने पढ़कर सुनाई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागीय जानकारियां दी।
बैठक के दौरान विद्युत विभाग के जेई का सदस्यों ने बहिष्कार कर उनकी बात सुनने से इंकार कर दिया। सदस्यों ने आरोप लगाया कि कुंडडीह सहित कई जगहों पर जर्जर पोल आज तक नही बदले गए, जबकि अवगत कराने के बावजूद विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक ने स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी तो वही शिक्षा विभाग के अधिकारी ने शिक्षा व्यवस्था से संबंधित जानकारी उपस्थित सदस्यों को दिया।
इस बैठक के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (समाज कल्याण विभाग) संजय गोंड़ ने कहा कि क्षेत्र पंचायत की बैठक साल में दो बार होती है और इसमें सदस्यों की समस्याएं अवश्य सुनी जाती हैं। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश और 2017 के बाद प्रदेश की तस्वीर बदली है। उन्होंने विद्युत विभाग पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि अधिकारी फोन नही उठाते हैं तो यह अस्वीकार्य है। जेई से साफ कहा कि फोन उठाना जरूरी है और 24 घंटे के भीतर ट्रांसफार्मर बदलना अनिवार्य है साथ ही दशहरा और नवरात्रि की शुभकामनाएं भी दी।
विशिष्ट अतिथि दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री (एससीएसटी आयोग) के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने कहा कि समस्याएं जरूर हैं लेकिन उनका समाधान खोजना भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि 2014 के बाद से शौचालय व आवास जैसी मूलभूत योजनाएं आमजन तक पहुंची हैं। शिक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने सरकारी स्कूलों को मॉडल स्कूल बनाने का कार्य किया है।
वही ब्लाक प्रमुख मान सिंह गोंड ने कहा कि सरकार की योजनाएं तेजी से जनता तक पहुंच रही हैं। जो कार्य समय से नहीं हो पाए हैं, उनके लिए नया टेंडर निकाला जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि यदि बिजली विभाग या कही भी जनप्रतिनिधियों की अनदेखी हुई तो कड़ी प्रतिक्रिया होगी। स्कूलों में शिक्षक अनुपस्थित पाए जाने पर भी प्रमुख स्तर से सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि अब तक 102 कार्यों की अनुमति मिल चुकी है और किसी सदस्य का कार्य अधूरा नहीं रहेगा।
बैठक में खण्ड विकास अधिकारी दिनेश मिश्रा भी मौजूद रहे। संचालन एडीओ पंचायत अजय कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर राम विचार गोंड जरहा, देव नारायण खरवार, प्रधान संघ अध्यक्ष प्रेमचंद यादव आदि लोग उपस्थित रहे।







