चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के टिकुरिया गांव में रविवार देर रात एक व्यक्ति की बिजली का तार गिरने से मौत हो गई। 42 वर्षीय संजय यादव पर 11 हजार वोल्ट का जर्जर तार टूटकर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ ले गए, जहां डॉक्टर नागेंद्र कुमार ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतक संजय यादव की पत्नी हीरावती और मां माधुरी का रो-रोकर बुरा हाल है। संजय के दो बेटे हैं, संदीप यादव जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, और गोलू जो बी.ए. के छात्र हैं।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जर्जर तारों को बदलने के लिए कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचंद्र यादव ने भी इस हादसे का कारण विभाग की अनदेखी को बताया।

थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विद्युत विभाग के जेई राजेश कुमार ने भी तार गिरने से हुई मौत की पुष्टि की और कहा कि नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।







