चंदौली जिले के नौगढ़ कस्बे में गुरुवार को नवकुंडी गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। यह धार्मिक आयोजन समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। शुभारंभ अवसर पर निकली कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया।

कलश यात्रा दुर्गा माता मंदिर पोखरा से प्रारंभ होकर पूरे कस्बे का भ्रमण करते हुए पुनः दुर्गा माता मंदिर पोखरा पर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान महिलाएं एवं बालिकाएं पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश लिए चल रही थीं। ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक भक्ति गीतों के बीच निकली इस यात्रा से पूरा नौगढ़ कस्बा भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम को पूर्ण रूप से हिंदू पारंपरिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। कलश यात्रा में क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं के साथ मौजूद रहे।

आयोजकों ने बताया कि नवकुंडी गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन 22 जनवरी से 26 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन यज्ञ, कथा पाठ के साथ श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान पति दीपक गुप्ता ने कहा कि “गायत्री महायज्ञ का उद्देश्य समाज में सद्भाव, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है। प्रतिदिन भंडारे के माध्यम से सेवा और समर्पण की भावना को भी आगे बढ़ाया जाएगा।”
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान नीलम ओहरी, शिवनारायण जायसवाल, कांता जायसवाल, शंकर सोनी, सतनारायण केशरी, मंडल अध्यक्ष भगवान दास अग्रहरि, राजू पांडे, पंकज मदेशिया सहित कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में पूरे दिन धार्मिक उल्लास और आस्था का माहौल बना रहा।







