चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील परिसर में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एक महिला की फरियाद ने सबको चौंका दिया। रिठिया पंचायत की रहने वाली राजकुमारी नामक महिला ने मंच पर पहुंचकर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को प्रार्थना पत्र सौंपा और ग्राम प्रधान पति पर सनसनीखेज आरोप लगाए।
महिला ने बताया कि उसका पति दो वर्ष पूर्व एक सड़क हादसे में दिव्यांग हो गया है और तब से वह बिस्तर पर है। परिवार की सारी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर है। वह महीनों से आवास, लाल कार्ड और पेंशन की पात्रता के लिए प्रयास कर रही है, लेकिन इस दौरान प्रधान पति ने उसकी मजबूरी का फायदा उठाने की कोशिश की।

आरोप है कि प्रधान पति रात में फोन कर बार-बार अश्लील बातें करता है। वह साफ तौर पर कहता है— “अगर मुझे खुश रखोगी तो मुख्यमंत्री आवास और पेंशन दिला दूंगा, वरना कुछ नहीं मिलेगा।” महिला ने बताया कि कभी रात आठ बजे, कभी नौ बजे और कई बार आधी रात को फोन आता है। यहां तक कि उसने बिस्तर साझा करने जैसी घिनौनी मांग भी की। महिला ने उसे स्पष्ट रूप से मना करते हुए कहा— “प्रधान जी, मैं आपकी बेटी के समान हूँ।”
इसके बावजूद आरोपी दबाव बनाता रहा। परेशान होकर महिला ने समाधान दिवस में न केवल प्रार्थना पत्र सौंपा बल्कि फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी अधिकारियों को सुनाई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एएसपी को शिकायत सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि गरीबों की योजनाओं का दुरुपयोग कर महिलाओं के साथ अभद्रता करने वालों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि आरोप साबित होने पर प्रधान पति को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
इस सनसनीखेज खुलासे ने तहसील परिसर में मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। महिला ने कहा कि उसे अब न्याय और सुरक्षा की उम्मीद जिला प्रशासन से है।







