नौगढ़ वन भूमि पर अवैध मुर्गी फार्म ध्वस्त, वन विभाग ने कब्जा रोका, दो दिन में भूमि खाली करने की चेतावनी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जयमोंहनी रेंज में वन भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास को वन विभाग ने सख्ती से विफल कर दिया। हरियाबांध पुलिस चौकी के दक्षिण दिशा में स्थित वन क्षेत्र में अवैध रूप से मुर्गी फार्म बनाए जाने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई की।

मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर रेंजर अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जहां जांच में पाया गया कि बिना किसी वैधानिक अनुमति के वन भूमि पर पक्का निर्माण, चबूतरा, जाल एवं पाइप लगाकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। यह कृत्य भारतीय वन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन पाया गया।

कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद अवैध पक्के निर्माण और चबूतरे को ध्वस्त कर दिया, जबकि लगाए गए जाल और पाइप को काटकर हटा दिया गया। साथ ही संबंधित व्यक्ति को कड़ी और अंतिम चेतावनी देते हुए निर्देशित किया गया कि दो दिनों के भीतर वन भूमि को पूरी तरह खाली कर दिया जाए।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समयावधि में अवैध कब्जा नहीं हटाया गया, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने का भी प्रावधान है।

इस अभियान में वन दरोगा वीरेंद्र पांडे, सोमेश प्रथम, सोमेश द्वितीय, प्रमोद कुमार, चंद्रशेखर यादव, मुलायम और निर्भय सिंह सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।

इस संबंध में रेंजर अमित श्रीवास्तव ने कहा कि “खाली पड़ी वन भूमि पर अवैध कब्जा करने का सपना देखने वाले लोग अपने विचार तत्काल त्याग दें। वन भूमि की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार का अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, कब्जा या निर्माण पाए जाने पर बिना पूर्व सूचना के कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

उन्होंने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि वन भूमि की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।

Leave a Comment

1347
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?