अमित मिश्रा
O – पत्नी का इलाज कराकर लौटा था घर, कुछ ही देर बाद गिरी सांसें
वैनी (सोनभद्र) । जिले में लगातार बढ़ते तापमान और प्रचंड गर्मी लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। शुक्रवार को नगवां ब्लॉक अंतर्गत पटवध गांव में भीषण गर्मी के चलते एक 40 वर्षीय युवक की अचानक मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना क्षेत्र में हिटवेव की मारकता को उजागर करती है।
मृतक की पहचान रणजीत यादव पुत्र घुरहू यादव के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ पटवध गांव में रहता था। जानकारी के अनुसार, रणजीत शुक्रवार को अपनी पत्नी का इलाज कराने के बाद घर लौटा था। चिकित्सकीय कार्य से थके हुए रणजीत ने दोपहर में कुछ समय आराम किया। आराम करने के बाद जब वह उठा, तो अचानक जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों द्वारा तत्काल उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, रणजीत पूरी तरह स्वस्थ था और उसे किसी प्रकार की गंभीर बीमारी नहीं थी। उसकी मौत का कारण अत्यधिक गर्मी और शरीर पर हिटवेव का प्रभाव माना जा रहा है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट का इंतजार है, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों और स्वास्थ्य विभाग की प्रारंभिक राय में गर्मी ही मौत की वजह बताई जा रही है।

गौरतलब है कि इन दिनों जिले में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर पहुंच गया है। दोपहर के समय लू और हिटवेव का असर इतना अधिक है कि सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा पहले ही लोगों को अत्यधिक गर्मी में घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई थी, लेकिन जागरूकता की कमी और आवश्यक कार्यों के चलते लोग जोखिम उठाने को मजबूर हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने आमजन से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बाहर न निकलें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, हल्के कपड़े पहनें और वृद्ध, बच्चे तथा बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।
रणजीत की असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए और गर्मी से बचाव के लिए गांवों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।







