छह महीने से वेतन नहीं, जल आपूर्ति ठप!नगवां ब्लॉक के 284 गांवों में पीने के पानी का गहरा संकट

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

वेद व्यास मौर्य

O- प्रोजेक्ट ऑफिस पर श्रमिकों का प्रदर्शन, प्रोजेक्ट मैनेजर की अपील भी हुई नाकाम

खलियारी (सोनभद्र) । जल जीवन मिशन के तहत संचालित “हर घर नल, हर घर जल” योजना नगवां विकास खंड में गंभीर संकट से गुजर रही है। क्षेत्र की 48 ग्राम पंचायतों के 284 गांवों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। कारण है – पिछले छह महीनों से लगभग 50 नल-जल ऑपरेटरों को वेतन नहीं मिलना।

इस लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण आक्रोशित श्रमिकों ने बुधवार को तेनूडाही स्थित परियोजना कार्यालय पर धरना दिया और कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी। गुरुवार को प्रोजेक्ट मैनेजर ने श्रमिकों से बातचीत कर सेवा बहाल करने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। फिलहाल सभी ऑपरेटरों ने काम बंद कर दिया है।

ग्रामीणों के सामने पानी का संकट
जलापूर्ति बंद होने के चलते पूरे नगवां ब्लॉक के गांवों में हाहाकार मचा हुआ है। एक ओर जहां अधिकांश हैंडपंप खराब पड़े हैं, वहीं दूसरी ओर लोग पीने के पानी के लिए एक टोला से दूसरे टोला भटकने को मजबूर हैं। महिलाएं और बच्चे घंटों लाइन में खड़े होकर पानी भरने की कोशिश में लगे हैं।

शासन-प्रशासन बना मूकदर्शक
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारियों को बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। अब अगर तत्काल कोई हस्तक्षेप नहीं होता है तो यह संकट और भी गंभीर रूप ले सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

स्थानीय मांग
ग्रामीणों और श्रमिक संगठनों ने सरकार से तत्काल बकाया भुगतान कर योजना को पुनः चालू कराने की मांग की है। साथ ही, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की भी मांग की जा रही है।

Leave a Comment

1347
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?