सोनभद्र। ग्राम रोजगार सेवकों व मनरेगा कर्मचारियों ने मंगलवार को जिलाधिकारी बी.एन. सिंह को ज्ञापन सौंपकर बकाया मानदेय के शीघ्र भुगतान की मांग उठाई। ग्राम रोजगार सेवक (पंचायत मित्र) वेलफेयर एसोसिएशन, जनपद सोनभद्र के बैनर तले जिलाध्यक्ष विनय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में कर्मचारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन में कहा गया कि मनरेगा कर्मचारी बीते 18 वर्षों से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं और शासन की योजनाओं को गति प्रदान कर रहे हैं। इसके बावजूद उनका अल्प मानदेय पिछले आठ माह से बकाया है। कर्मचारियों का कहना है कि मानदेय न मिलने से बच्चों की फीस, दवाइयों और ब्लॉक आने-जाने का खर्च प्रभावित हो रहा है। कर्ज बढ़ने से आर्थिक संकट गहराता जा रहा है और कई कर्मचारी भुखमरी की स्थिति में पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम रोजगार सेवक मनरेगा के तहत ई-केवाईसी के साथ-साथ बीएलओ और एसआईआर जैसे अतिरिक्त दायित्वों का भी निर्वहन कर रहे हैं। होली पर्व नजदीक होने के कारण कर्मचारियों में चिंता व्याप्त है। संघ ने प्रशासन से होली से पूर्व बकाया मानदेय दिलाने की मांग की है। चेतावनी दी गई कि यदि भुगतान नहीं हुआ तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में एपीओ विनय मिश्रा, पंकज कुमार, विमलेश, अभिलाष, मनीष कुमार, प्रदीप सिंह राणा, सुनील सिंह, सिराज अहमद, अशोक कुमार, संतोष पांडेय, प्रशांत सिंह, गिरीश चंद, योगेंद्र, बीना, विनीता, रुक्मणी, शायदा बानो, सतीश चंद्र, प्रमोद और कैलाश सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।






