किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन तेज

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- सोनभद्र में तहसील व जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा गया ज्ञापन

सोनभद्र।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर किसानों की समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश के हर जिले व तहसील मुख्यालयों पर कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। इसी क्रम में सोनभद्र जिले में भी कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर किसानों की बदहाली को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

घोरावल तहसील में कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज गौड़ के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। वहीं, जिला मुख्यालय पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष फरीद अहमद की अगुवाई में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

शहर अध्यक्ष फरीद अहमद ने कहा कि वर्तमान समय में खरीफ की बुवाई का कार्य जोरों पर है, ऐसे में धान की खेती के लिए किसानों को यूरिया खाद और सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी की सख्त आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव से पहले किसानों को मुफ्त बिजली और आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है।

चंदौली से आए कांग्रेस क्वाडिनेटर राजीव त्रिपाठी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार किसानों को राहत देना तो दूर, बिजली कटौती के कारण सिंचाई व्यवस्था भी चरमरा गई है। खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों को दर-दर भटकना पड़ रहा है।

कांग्रेस जिला प्रवक्ता शत्रुंजय मिश्रा ने आरोप लगाया कि सहकारी समितियों और निजी दुकानों पर खाद की कालाबाजारी चरम पर है, जिससे किसानों को उमस भरी गर्मी में घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का अन्नदाता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है और भाजपा की दोहरी नीतियों से वह हताश और निराश है।

प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से किसानों के हितों की पक्षधर रही है और अब खाद, बिजली और सिंचाई जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ेगी।

इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमरेश देव पांडे, सईद खान, शीतला पटेल, शिव प्रसाद, सुधाकर, प्रांजल श्रीवास्तव, आशीष शुक्ला, विमल चौबे, प्रदीप चौबे, सलीम भाई, गुड़िया, शाहिल खान, बृहस्पति भारती, गणेश विश्वकर्मा, देवेंद्र शर्मा, शलीमुद्दीन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।

Leave a Comment

1349
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?