चंदौली जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकरघट्टा पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 30 लीटर कच्ची शराब जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नौगढ़ तहसील क्षेत्र के झरियां जंगल के रास्ते 20 लीटर कच्ची शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर चकरघट्टा पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया, जहां से रमेश चेरो (35 वर्ष, निवासी गंगापुर) और मुन्ना खरवार (45 वर्ष, निवासी झरिया) को 20 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

इसी क्रम में, एक अन्य मुखबिर की सूचना पर पडहवां क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बलराम यादव (31 वर्ष, निवासी पडहवां) के पास से 10 लीटर महुआ की कच्ची शराब बरामद हुई। उन्हें भी मौके से गिरफ्तार कर थाने लाया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक महेंद्र प्रसाद, उपनिरीक्षक लाल बहादुर, हेड कांस्टेबल अजय यादव और कांस्टेबल प्रमोद कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।







