महुद्दीनपुर में भव्य सूर्य मंदिर निर्माण का भूमि पूजन, श्रद्धा और उत्साह का माहौल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नवीन कुमार

कोन (सोनभद्र)। ग्राम पंचायत महुद्दीनपुर में प्रस्तावित भव्य सूर्य मंदिर के निर्माण हेतु गुरुवार को ब्लाक प्रमुख रूबी मिश्रा व ग्राम प्रधान आरती देवी द्वारा सयुंक्त रूप से विधि-विधान के साथ भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर पूरे गांव में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला।
सुबह से ही मंदिर स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। आचार्यों द्वारा हवन-पूजन, कलश स्थापना और भूमि शुद्धिकरण की प्रक्रिया पूरी कराई गई। मुख्य अतिथि एवं ग्राम प्रधान ने नारियल फोड़कर और पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सूर्य मंदिर निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब भूमि पूजन के साथ यह सपना साकार होने की दिशा में पहला कदम उठाया गया है। लोगों का कहना है कि मंदिर बनने से गांव में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं में आध्यात्मिक जागरूकता आएगी।
आस्था का बनेगा प्रमुख केंद्र
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि सूर्य देव की उपासना भारतीय संस्कृति की प्राचीन परंपरा रही है। मंदिर निर्माण से क्षेत्र के श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। भविष्य में यहां मकर संक्रांति, छठ पूजा तथा अन्य धार्मिक आयोजनों को भव्य रूप से मनाने की योजना है।

सामाजिक एकता का संदेश

कार्यक्रम में सभी वर्गों के लोगों की सहभागिता रही। महिलाओं ने मंगलगीत गाए और युवाओं ने व्यवस्था संभाली। अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में सुशील चतुर्वेदी, रामलाल, मनोज कुमार, शिव प्रसाद, कमलेश पांडे, दीपक कुमार, ह्दय निवास, सम्पूर्णनंद, श्रावण कुमार पूर्व प्रधान धीरज कुमार समेत सेकड़ो भक्त व पंचायत सदस्यों तथा ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका रही।
मंदिर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाने की जानकारी दी गई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि आने वाले समय में यह सूर्य मंदिर क्षेत्र की पहचान बनेगा।

Leave a Comment

1364
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?