अयोध्या : आतंकी साजिश का आरोपी फरीदाबाद जेल में मारा गया

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

क्राइम डेस्क

O- हाई-सिक्योरिटी जेल के भीतर हत्या से हड़कंप, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल

फरीदाबाद (नई दिल्ली । अयोध्या में राम मंदिर को निशाना बनाने की कथित साजिश से जुड़े एक अहम आरोपी की फरीदाबाद सेंट्रल जेल के भीतर हत्या ने देश की सुरक्षा व्यवस्था और जेल प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय अब्दुल रहमान के रूप में हुई है, जो इस मामले में अंडर-ट्रायल कैदी था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात फरीदाबाद सेंट्रल जेल में ही बंद एक अन्य कैदी ने अब्दुल रहमान के सिर पर गंभीर हमला कर दिया। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या का आरोप साथी कैदी अरुण चौधरी पर लगाया गया है। घटना के बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं।

अब्दुल रहमान को मार्च 2025 में हरियाणा STF और गुजरात ATS की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया था। सुरक्षा एजेंसियों का दावा था कि उसकी गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से दो जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद हुए थे। जांच एजेंसियों ने उसके पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से कथित संपर्क होने की बात भी कही थी। इसी आधार पर उसे अयोध्या में संभावित आतंकी हमले की साजिश से जोड़कर देखा जा रहा था।

मृतक अब्दुल रहमान उत्तर प्रदेश के अयोध्या जनपद के इनायत नगर थाना क्षेत्र का रहने वाला था और बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।

इस घटना ने हाई-सिक्योरिटी जेलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
👉 जेल के भीतर एक संवेदनशील अंडर-ट्रायल कैदी पर हमला कैसे हुआ?
👉 क्या उसकी सुरक्षा के लिए तय प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा था?
👉 यह हत्या आपसी रंजिश का नतीजा है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी है?

फिलहाल जेल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और उच्च स्तर पर रिपोर्ट तलब की गई है। हालांकि, अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां इस पहलू की भी जांच कर रही हैं कि कहीं यह घटना किसी नेटवर्क को खत्म करने या सबूत मिटाने की कोशिश तो नहीं थी।

अयोध्या जैसे अति-संवेदनशील धार्मिक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामले में आरोपी की जेल के भीतर हत्या ने पूरे देश का ध्यान इस ओर खींच लिया है। आने वाले दिनों में इस मामले की जांच से कई अहम परतें खुलने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Comment

1350
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?