सीएस पाण्डेय
ग्राम पंचायत सतबहनी में हिंडाल्को रेणुकूट और जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाया गया जागरूकता अभियान
बभनी(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। स्थानीय विकास खण्ड के ग्राम पंचायत सतबहनी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के पास ‘टीबी मुक्त पंचायत’ अभियान के तहत एक भव्य जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हिंडालको ग्रामीण विकास विभाग रेणुकूट और जिला स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को टीबी (क्षय रोग) के प्रति जागरूक करना और समाज को इस बीमारी से मुक्त बनाना था। इस अवसर पर कलाकारों ने कठपुतली शो, जादू के खेल और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अत्यंत रोचक ढंग से टीबी के लक्षणों और इसके उपचार के बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों को बताया गया कि यदि दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी हो, तो उसे नजरअंदाज न करें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं।कार्यक्रम के अंत में सभी ने पंचायत को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इस जन जागरूकता अभियान के दौरान ग्राम प्रधान त्रिवेनी सिंह, जान सिंह गोड, मोहन सिंह गोड़, राम अवतार सिंह, जवाहर जोगी, तुकाराम, और आशा कार्यकर्ता प्रभावती देवी, हिंडालको सीएसआर के मुख्य ब्लॉक संयोजक लालकेश कुशवाहा, विजय कुमार और रामचरन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।






