नवीन कुमार
O- ग्रामीणों ने दो आरोपी दबोचकर पुलिस को सौंपा
कोन (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर जंगल में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। लड़की के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, देवाटन निवासी मुस्तफा राज व साहिदा हुसैन नाबालिग को बहला-फुसलाकर खुरधन पहाड़ी स्थित जंगल की ओर ले गया। आरोप है कि वहां उसने दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना के दौरान नाबालिग द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को धर दबोचा।
ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 319/2, 318/4, 137/2, 87, 76, 351/2 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।






