सीएस पाण्डेय
किसान ने प्रशासन से किया मुआवजा दिलाने की मांग
बभनी(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम चपकी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक किसान की मेहनत पर पानी फेरते हुए कुछ लोगों ने उसके खलिहान में रखी अरहर की पूरी फसल को आग के हवाले कर दिया। पीड़ित किसान ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित किसान राजा राम पुत्र धर्मपाल (निवासी ग्राम चपकी) के अनुसार, 7 अप्रैल की रात करीब 1:00 बजे पिता की तबियत ख़राब होने पर अस्पताल में भर्ती थे और भाई ड्यूटी पर गए थे। घर में केवल महिलाएं और बच्चे सो रहे थे। तभी गांव के ही कुछ दबंगों ने खलिहान में रखी कटी हुई अरहर की फसल में आग लगा दी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने घटना को अंजाम देने से पहले घर के बाहर का बल्ब निकाल दिया और दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि कोई बाहर न आ सके और फसल के साथ घर को भी नुकसान पहुँचाया जा सके।
पुरानी रंजिश का आरोप प्रार्थना पत्र में पीड़ित ने गांव के ही चन्नूलाल, श्यामकार्तिक और रामानंद कुशवाहा पर संदेह जताते हुए आरोप लगाया है कि करीब एक सप्ताह पहले इन लोगों ने घर सहित फसल जलाने की धमकी दी थी। आगजनी की इस घटना में किसान की पूरी फसल जलकर राख हो गई है, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
पुलिस से कार्रवाई की मांग पीड़ित राजा राम ने 10 अप्रैल 2026 को प्रभारी निरीक्षक, थाना बभनी को पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और मुआवजा की मांग की थी। पीड़ीत के प्रार्थना पर पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ ठोस कार्रवाई न कर केवल शान्ति भंग की धारा में जेल भेज दिया। पीड़ित ने पुलिस अधिक्षक और जिलाधिकारी से मुआवजा दिलाने और आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की है।






