सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-ट्रेलर की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में लगी आग, दो की दर्दनाक मौत

IMG 20261126 WA2678
IMG 20261126 WA2678

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

मद्धूपुर (सोनभद्र) । वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर गुरुवार को रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। राखड़ लोड तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रही ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।

घटना रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोहरा सबस्टेशन के समीप की है। जानकारी के मुताबिक अनपरा की ओर से राखड़ लोड कर आ रही तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गई। ट्रेलर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी तरफ से वाराणसी की ओर जा रही ट्रक से आमने-सामने टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

सीओ सिटी रणधीर मिश्रा भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे। उन्होंने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में एक वाहन चालक बताया जा रहा है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान और उससे जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत की। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस की मौजूदगी में राहत एवं बचाव कार्य किया गया।

दोनों वाहनों में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। एक तरफ दो परिवारों में मातम पसरा है, तो दूसरी तरफ इस भीषण हादसे ने सड़क पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों के खतरे को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1569
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?