सी एस पाण्डेय
O- दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जीत सिंह खरवार ने किया कार्य का शुभारंभ, संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
बभनी (सोनभद्र) । संविधान दिवस के अवसर पर ग्राम डुमरहर में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन कर शुभारंभ किया गया। दुद्धी विधानसभा क्षेत्र के बभनी मंडल अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जीत सिंह खरवार ने विधिवत भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोक भवन में संविधान की उद्देशिका का पाठ किया तथा प्रदेशभर में ‘डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना’ के अंतर्गत प्रतिमा स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। इसी क्रम में डुमरहर में भी विकास कार्य की शुरुआत हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री जीत सिंह खरवार ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचार भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला हैं। उनका जीवन सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों के प्रति समर्पित रहा। भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और न्यायपूर्ण समाज की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग दिखाता है।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि संविधान में निहित मूल्यों को आत्मसात करने और बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है। प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण उनके योगदान और विचारों के प्रति सम्मान व्यक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा बभनी मंडल अध्यक्ष लालकेश कुशवाहा, बभनी प्रधान संघ अध्यक्ष जगदीश सिंह, मंडल महामंत्री लक्ष्मी गुप्ता, खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान डुमरहर रामप्रताप, ग्राम प्रधान हथियार देवकुमार, सोशल मीडिया दुद्धी विधानसभा सह-संयोजक गौतम कुमार, बूथ अध्यक्ष रामानंद, अमरजीत खरवार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान, सामाजिक समरसता और बाबा साहेब के विचारों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।









