नदियों-तालाबों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
सोनभद्र। जिले में छठ पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। नदियों-तालाबों पर महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर अमन-चैन और खुशहाली की कामना की।
सोमवार की भोर से ही जिले के विभिन्न छठ घाटों पर व्रती महिलाओं का पहुंचना शुरू हो गया था। निर्जला व्रत रखने वाली महिलाओं ने बांस के सूप में ठेकुआ, फल, फूल, नारियल और प्रसाद सजाकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान महिलाओं ने भगवान सूर्य और छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और प्रदेश के मुख्यमंत्री के दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की भी कामना की।







घाटों पर पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। छठी मइया के पारंपरिक लोकगीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। परिवार के लोग भी व्रतियों के साथ घाट पर मौजूद रहे और पूजा में सहयोग किया।
प्रशासन की ओर से घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, बैरिकेडिंग, गोताखोर और स्वास्थ्य टीम की व्यवस्था की गई थी। पुलिस फोर्स जगह-जगह तैनात रही। अधिकारियों ने घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। चार दिवसीय महापर्व शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के माहौल में संपन्न हुआ।








